
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री शहीद विद्या चरण शुक्ल को 2 अगस्त को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। श्री बघेल ने श्री विद्याचरण शुक्ल को याद करते हुए कहा कि विद्याचरण जी एक कुशल राजनीतिज्ञ और प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में कई वर्षों तक छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। भारत सरकार के मंत्री के रूप में, उन्होंने संचार, गृह, रक्षा, वित्त, योजना, विदेश मामलों, संसदीय मामलों के मंत्रालयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। केंद्रीय मंत्री के रूप में विद्याचरण जी ने देश सहित छत्तीसगढ़ के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। झीरम घाटी नक्सली हमले में विद्या चरण जी की शहादत को छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा। छत्तीसगढ़ के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।







