मनेन्द्रगढ़: बीआर कार्यालय परिसर में गंदगी का अंबार, तोड़फोड़ और अव्यवस्था से कर्मचारियों व आमजन परेशान

मनेन्द्रगढ़। नगर के बीआर कार्यालय परिसर में लंबे समय से फैली गंदगी और अव्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। परिसर में नियमित साफ-सफाई नहीं होने से चारों ओर कचरे का अंबार लगा हुआ है, जबकि प्रतिदिन अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिकों का यहां आना-जाना लगा रहता है।जानकारी के अनुसार, परिसर में बाहरी लोगों द्वारा लगातार उत्पात मचाया जा रहा है। कार्यालय की छत और सीमेंट शीट को भी नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंची है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में पहले भी संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदार अपना कचरा कार्यालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही फेंक देते हैं, जिससे गंदगी और बढ़ रही है। नियमित सफाई व्यवस्था नहीं होने से परिसर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से परिसर की नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका और संबंधित विभाग इस समस्या पर कब गंभीरता से ध्यान देते हैं और परिसर की व्यवस्था कब तक सुधरती है।



