छत्तीसगढ़
Trending

श्री कृष्ण और राधा रानी के रूप में बच्चों ने आकर्षक पोशाक और डांस से दर्शकों का मन मोह लिया

रायपुर । इस्कॉन मंदिर टाटीबंध में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की शुरूआत हो चुकी है। इस भव्य महोत्सव का शुभारंभ बाल महोत्सव फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं भक्ति नृत्य के साथ हुआ।

उद्घाटन समारोह में इस्कॉन मंदिर अध्यक्ष एच एच सिद्धार्थ स्वामी, उपाध्यक्ष स्वामी सुलोचन कृष्ण दास ओर जनार्दन दास शामिल हुए। मंदिर प्रांगण में आए प्रतिभागी बच्चों ने बाल कृष्ण और राधा रानी के रूप में फैंसी ड्रेस स्पर्धा में भाग लिया। वहीं, भक्ति नृत्य में भाग लेने वालों बच्चों ने भी अपनी आकर्षक पोशाक और डांस स्टेप से दर्शकों का मन मोह लिया।

बाल महोत्सव कार्यक्रम की संयोजिका कंचन सिंघानिया और सुलोचन बंका ने बताया कि इस्कॉन मंदिर में पिछले 23 वर्षों से बाल फैंसी ड्रेस स्पर्धा और भक्ति नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। दोनों स्पर्धाओं में कुल 350 बच्चों ने प्रतिभागी के रूप में भाग लिया, जिसमें फैंसी ड्रेस में 50, भक्ति नृत्य के जूनियर वर्ग में 150 और सीनियर वर्ग में 150 बच्चों ने भाग लिया। आज के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दोनों स्पर्धाओं में निर्णायक के रूप में परमिंदर कौर और भावेश मौजूद रहे।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के प्रचार प्रसार प्रभारी दिलीप केडिया ओर राजेंद्र पारख ने बताया कि मंदिर प्रांगण को कलकत्ता से मंगाए गए फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं, मुंबई और वृंदावन से भगवान के लिए वस्त्र मंगाए गए है। महोत्सव के दूसरे दिन 26 अगस्त, सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महा महोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस दिन सुबह 4.30 बजे से मंदिर में पूजन-अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे जो रात्रि 1 बजे तक चलेंगे।

सुबह से मंदिर में मंगल आरती, तुलसी आरती, गुरू पूजा, परम पूज्य सिद्धार्थ स्वामी जी द्वारा श्री कृष्ण बाल लीला गुणगान, भजन-कीर्तन, राजभोग अर्पण, राजभोग आरती, उस्थापन आरती, भजन संध्या, संध्या आरती, प्रसाद वितरण, कलश अभिषेकम, महाअभिषेकम, छप्पन भोग अर्पण और रात्रि 1 बजे महाआरती होगी।

कलश अभिषेकम के लिए सुलोचन कृष्ण प्रभु से 7710838538 पर संपर्क किया जा सकता है। इस दिन के लिए आजीवन सदस्यों से अपील की गई है कि वे अपना मेंबरशिप कार्ड साथ में लावें। श्री भगवान का विशेष दर्शन सुबह 9 बजे से रात्रि 2 बजे तक होंगे और शाम 7 बजे से रात्रि 1 बजे तक प्रति घंटे भगवान की आरती होगी। साथ ही राजनांदगांव के निखिल-श्याम द्वारा भजन कीर्तन का संगीतमयी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जो महोत्सव में आकर्षण का केंद्र होगा।

महोत्सव के दौरान फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, वाइस चेयरमैन शुभम् सिंघल और सदस्य राजेश किंगर, पवन सचदेव, पंकज मिश्रा, विकास मोदी आदि सदस्य और बड़ी संख्या में देश-प्रदेश से आए श्रद्धालु मौजूद रहे। इस्कॉन मंदिर अध्यक्ष एच एच सिद्धार्थ स्वामी और जनार्दन दास ने सभी भक्तजनों से श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में मंदिर में उपस्थित होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने और कार्यक्रम का आनंद उठाने का आग्रह किया है।

Vanshika Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker