छत्तीसगढ़
Trending

होली के बाद चुनाव प्रचार में आएगी तेजी

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद भाजपा और कांग्रेस में राष्ट्रीय नेताओं की सभाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। होली के दो-तीन दिन बाद चुनावी रंग गाढ़ा होगा। भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राष्ट्रीय नेताओं की सभाएं होंगी।
भाजपा की ओर से एक-एक लोकसभा में किसी न किसी राष्ट्रीय नेता की सभा कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत आइएनडीआइए गठबंधन के कई नेताओं की चुनावी रैलियां होंगी। राष्ट्रीय नेताओं की सभाएं होली के बाद ही होंगी। प्रदेश में लोकसभा का चुनाव तीन चरणों में होना है।

बस्तर से होगा चुनावी सभाओं का शुभारंभ

दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों का सबसे पहले बस्तर पर फोकस रहेगा, क्योंकि पहले चरण में एकमात्र सीट बस्तर में ही चुनाव होना है। ऐसे में सबसे पहले बस्तर से ही चुनावी सभाओं का शुभारंभ होगा। बताते चलें कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों पर तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होगा।
भाजपा लोकसभा की सभी 11 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। वहीं, कांग्रेस की ओर से छह सीटों पर उम्मीदवार तय किए गए हैं। लोगों तक पहुंचने के लिए भाजपा प्रदेश संगठन प्रत्येक विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन कराने में जुटा हुआ है। बस्तर में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा या केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सभा कराने की तैयारी है।

बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी हर क्लस्टर में एक-एक सभा कराने की रणनीति बनाई गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री की प्रदेश में अलग-अलग सभाएं हुई थी। भाजपा की ओर से जल्द ही स्टार प्रचारकों की सूची जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री की सभा हर विधानसभा में

प्रदेश संगठन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की हर विधानसभा में सभा कराने की रणनीति तैयार की है, जिसका शुभारंभ बस्तर से होना तय माना जा रहा है। प्रदेश में अंतिम मतदान सात मई को होगा। ऐसे में करीब 50 दिनों का समय है। एक दिन में दो से तीन विधानसभाओं में मुख्यमंत्री की सभाएं कराने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश के मंत्रियों रामविचार नेताम, ओपी चौधरी, दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की सभाएं होंगी।

लोकसभा की दृष्टि से प्रदेश को क्लस्टर में बांटकर प्रभारी नियुक्त

भाजपा ने लोकसभा की दृष्टि से प्रदेश को क्लस्टर में बांटकर उनके प्रभारी की नियुक्त कर दिए हैं। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से विभिन्न समिति का गठन कर उनका कार्य विभाजन किया गया है। लोगों के बीच जाकर उनके घरों में झंडा लगवाने, दीवार लेखन, मेरा परिवार-मोदी परिवार और विकसित भारत अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा ने 40 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है। प्रत्येक बूथ में वोटों की बढ़त के लक्ष्य पर जोर दिया गया है।

Vanshika Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker