छत्तीसगढ़
Trending

CG Weather: ठंडी हवाओं से छत्‍तीसगढ़ में बढ़ी ठिठुरन, रायपुर में छाया कोहरा

रायपुर। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से छत्‍तीसगढ़ में इन दिनों ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अब उत्तर से आने वाली ठंडी व शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा और इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके साथ ही अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ में ठिठुरन बनी हुई है। वहीं रायपुर में सुबह से कोहरा छाया हुआ है।बादल छाने के साथ ही उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश भर में शीतलहर का आभास होने लगा है। हालांकि अधिकतम तापमान में जहां गिरावट आई है, वहीं न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी बनी हुई है।
ठंडी हवाओं के चलते दोपहर में भी इन दिनों गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.9 डिग्री कम रहा।

ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों के कारोबार में बढ़ोतरी

इसी प्रकार बिलासपुर, पेंड्रा रोड, अंबिकापुर, जगदलपुर में भी अधिकतम तापमान में गिरावट रही। अब ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों के कारोबार में भी बढ़ोतरी होने लगी है। गर्म कपड़ों पर इन दिनों 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिसे उपभोक्ताओं द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि हवा की दिशा में बदलाव की संभावना है। इसके चलते उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव ज्यादा रहेगा और न्यूनतम तापमान भी गिरेगा। हालांकि बस्तर संभाग में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
प्रदेश भर में बलरामपुर सबसे ठंडा
प्रदेश भर में बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। एआरजी बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और अंबिकापुर में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी।

Vanshika Pandey

Show More

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker