महिला प्रोफेसर की कॉल रिकॉर्डिंग और फोटो वायरल, FIR के बाद नकाबपोशों ने दी जान से मारने की धमकी:

भिलाई में महिला प्रोफेसर की प्राइवेसी से खिलवाड़:
भिलाई:
छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक महिला प्रोफेसर की निजी जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल करने और बाद में उन्हें केस वापस लेने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि रुंगटा कॉलेज के एक छात्र ने महिला प्रोफेसर की कॉल रिकॉर्डिंग, फोटो और मोबाइल नंबर इंस्टाग्राम पर साझा कर दिए, जिससे उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, FIR दर्ज होने के बाद दो नकाबपोश युवकों द्वारा प्रोफेसर को धमकाने का मामला भी सामने आया है। पुलिस दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?
भिलाई नगर थाना क्षेत्र में कार्यरत महिला प्रोफेसर ने 4 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, प्रांजल यादव (24), जो रुंगटा कॉलेज में PGDCA सेकेंड ईयर (R2) का छात्र है और खुद को पत्रकार बताता है, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर कॉलेज और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ लगातार पोस्ट और वीडियो साझा कर रहा था।
महिला प्रोफेसर का आरोप है कि छात्र पहले उन्हें व्यक्तिगत रूप से फोन कर बातचीत करता था और बिना अनुमति कॉल रिकॉर्ड करता था। बाद में उसने प्रोफेसर की फोटो, मोबाइल नंबर और कॉल रिकॉर्डिंग इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी। पोस्ट वायरल होने के बाद उस पर कई आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां आने लगीं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
FIR के बाद प्रोफेसर को मिली धमकी
मामला यहीं नहीं रुका। महिला प्रोफेसर ने पुलिस को दी दूसरी शिकायत में बताया कि 18 जून की सुबह करीब 9:25 बजे, जब वह एक्टिवा से कॉलेज जा रही थीं, तभी सेक्टर-6 स्थित पावर जिम के पास ब्लैक-रेड स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक उनकी स्कूटी के बराबर पहुंचे।
दोनों युवकों ने उनसे कहा—
“पत्रकार प्रांजल यादव अब आपको परेशान नहीं कर रहा है। आप भी अपनी FIR वापस ले लीजिए, नहीं तो आगे बहुत ज्यादा परेशानी होगी।”
धमकी देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए थे नकाबपोश
शिकायत के अनुसार, आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था और उसने सफेद शर्ट तथा ग्रे पैंट पहन रखी थी। पीछे बैठे युवक ने लाल टी-शर्ट, हाफ पैंट पहन रखी थी और चेहरे को सफेद गमछे से ढंक रखा था।

घटना के बाद घबराई प्रोफेसर सीधे कॉलेज पहुंचीं और पूरी जानकारी कॉलेज के जीएम अभिषेक सोनी तथा सुरक्षा प्रमुख संतोष कुमार सिंह को दी। इसके बाद तीनों भिलाई नगर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने महिला प्रोफेसर की शिकायत के आधार पर दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई शुरू की है। सोशल मीडिया पर कॉल रिकॉर्डिंग, फोटो और मोबाइल नंबर वायरल करने के आरोप में छात्र प्रांजल यादव को गिरफ्तार किया गया। FIR वापस लेने की धमकी देने वाले दो अज्ञात नकाबपोश युवकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।







