हल्की बारिश में उफनता नाला, जान जोखिम में डालकर पार कर रहे ग्रामीण और स्कूली बच्चे

लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोरंधा में पुल के अभाव के कारण ग्रामीणों को वर्षों से आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। हल्की बारिश होते ही नाले का पानी तेज बहाव के साथ सड़क के ऊपर से गुजरने लगता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है।सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मवेशियों को होती है, जिन्हें तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों द्वारा इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।ग्रामीणों ने लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रबोध मिंज से शीघ्र पुल निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है।


