उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर विरोध तेज हो गया है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने इस व्यवस्था को समाप्त करने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
संगठनों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी महाकाल लोक से शंख द्वार तक आक्रोश रैली निकालकर पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वीआईपी दर्शन व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की और मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

शंख द्वार पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा मंदिर प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रदर्शन के समापन पर हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा और सभी श्रद्धालुओं के लिए समान दर्शन व्यवस्था लागू करने की मांग रखी।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भगवान के दरबार में सभी भक्त समान हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की वीआईपी व्यवस्था समाप्त कर आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।







