रिटायर कर्मचारी चला रहा स्टेनो शाखा ?
31 जनवरी को रिटायर, फिर भी रोज़ ऑफिस हाजरी !
गोपनीय फाइलों तक पहुंच, अवैध वसूली के आरोप
बिलासपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार स्टेनो बृजबिहारी साहू 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे रोज सुबह 8 बजे से एसपी कार्यालय की स्टेनो शाखा में बैठकर काम कर रहे हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रिटायरमेंट के बाद भी बृजबिहारी साहू को कार्यालय में बैठने की खुली छूट दी गई है और वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के गोपनीय दस्तावेजों व हिसाब-किताब तक पहुंच बना रहे हैं। जबकि नियमों के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद कोई भी कर्मचारी शासकीय कार्य नहीं कर सकता।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्टेनो शाखा में उनके नाम का नेम प्लेट अब तक लगा हुआ है और शाखा में उनके खास कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जिससे हर महीने अवैध लाभ कमाने की बात कही जा रही है।

इसके अलावा सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सिम्फनी कॉलोनी में एक पान दुकान से शराब, गुटखा व अन्य सामान लेने और पुलिस कार्रवाई रुकवाने के लिए फोन करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक से शिकायत कर जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत की प्रतिलिपि आईजी बिलासपुर और मुख्य न्यायाधीश हाईकोर्ट बिलासपुर को भी भेजी गई है।






