छत्तीसगढ़
Trending

15 नवम्बर से शुरू होगी धान खरीदी : रायपुर जिले में सभी उपार्जन केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा पूर्ण

आगामी 15 नवम्बर से प्रारंभ हो रही धान खरीदी की तैयारियों को लेकर आज रेडक्रॉस सभाकक्ष, कलेक्ट्रेट रायपुर में अपर मुख्य सचिव एवं रायपुर जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने समीक्षा बैठक ली।

बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कृषकों को सुगमता से धान विक्रय की सुविधा मिले और भुगतान शीघ्र किया जाए

श्रीमती शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोचियों एवं अवैध धान विक्रय-परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए और इस पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उपार्जित धान के तेजी से उठाव की व्यवस्था की जाए, ताकि उपार्जन केंद्रों में अव्यवस्था न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि स्टेकिंग कार्य धान की किस्म के अनुसार सही तरीके से किया जाए, जिससे बाद में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। सभी उपार्जन केंद्रों में कॉल सेंटर के नंबर चस्पा किए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल जानकारी देने की सुविधा हो, ताकि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा सके।

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए रायपुर जिले में 1,34,037 किसान पंजीकृत हैं और 1,26,921 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल ली गई है। जिले में 139 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

जिले में जिला स्तरीय कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किया गया है, जिसके अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक स्तरीय दल तथा उड़नदस्ता का गठन किया गया है। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए 5 चेक पोस्ट बनाए गए हैं और 43 कर्मियों की तैनाती उड़नदस्ते में की गई है।

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील उपार्जन केंद्रों का चिन्हांकन कर प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, तहसीलदार की अध्यक्षता में गुणवत्ता जांच दल का गठन किया गया है तथा बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

Buland Chhattisgarh

Show More

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker