
रायपुर। राजधानी में तेज गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। यह गर्मी एक सिपाही के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज़ धूप में ड्यूटी करते यातायात आरक्षक भागीरथी कंवर की मौत हो गई।
घटना गुरुवार दोपहर लगभग 12:15 बजे की है, जब आरक्षक भागीरथ कंवर ड्यूटी पर रवाना होकर ग्राम धनेली के पास बेचैनी महसूस होने पर स्थानीय मनिहारी दुकान के बेंच पर बैठकर आराम कर रहे थे।
अचानक चक्कर आने से वह गिर गए।
इस दौरान वहाँ से गुजर रहे रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी ने आरक्षक को गिरते हुए देखा और तुरंत अपने चालक हमराह के साथ उन्हें अपने शासकीय वाहन में बैठाकर बंजारी हास्पिटल, भनपुरी लाया गया।
बंजारी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने आरक्षक का बी.पी. एवं ऑक्सीजन लेवल चेक किया, जो कि बहुत कम था। आरक्षक की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तुरंत मेकाहारा रिफर किया गया। मेकाहारा के डॉक्टरों द्वारा चेक करने पर आरक्षक को मृत घोषित कर दिया गया।
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरक्षक के हार्ट और किडनी में इंफ़ेक्शन का लक्षण दिखाई दिया है। मृत्यु का निश्चित कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही ज्ञात हो सकेगा। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
आरक्षक भागीरथ कंवर की असामयिक मृत्यु पर पुलिस विभाग ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और इस दुखद समय में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।






