बस्तर में दो बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार, चोरी के जेवर और नकदी बरामद

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों पिछले एक वर्ष से ओडिशा के कोरापुट जिले में रह रहे थे और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए बस्तर इलाके में आते थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद की है।
चोरी से पहले करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले बस्तर के अलग-अलग इलाकों में रेकी करते थे। जब उन्हें पता चलता कि कोई घर खाली है, तो रात के समय वहां चोरी करने पहुंचते थे। जिन घरों में CCTV कैमरे लगे दिखाई देते थे, वहां से ये लोग DVR निकाल ले जाते थे, ताकि पहचान न हो सके।
अवैध रूप से भारत में घुसे थे
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए थे और पिछले एक साल से ओडिशा में रह रहे थे। उन्होंने फर्जी तरीके से वोटर आईडी कार्ड भी बनवा लिया था। हालांकि जब पुलिस ने इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर उनका विवरण खंगाला, तो रिकॉर्ड में कुछ भी नहीं मिला।
ऐसे हुए गिरफ्तार
बस्तर पुलिस के अनुसार, हाल के महीनों में जिले के कई इलाकों में एक जैसी चोरी की वारदातें दर्ज हो रही थीं। एसपी शलभ सिन्हा ने इन घटनाओं की जांच के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान पता चला कि संदिग्ध चोर ओडिशा के कोरापुट में रहते हैं और चोरी करने बस्तर आते हैं। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने भेजा जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बरामद जेवरात और नकदी के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।







